बस्तर: ब्लास्ट के बाद मुठभेड़, जवान जख्मी, एक नक्सली मारा गया
नक्सली अलग-अलग इलाकों में दिन भर भर रुक रुककर जवानों पर गोलीबारी करते रहे

धर्मेन्द्र महापात्र, जगदलपुर | बस्तर संभाग के बीजापुर और दंतेवाड़ा जिले में पुलिस और नक्सलियों के बीच हुई मुठभेड़ में एक नक्सली मारा गया है| वहीं मुठभेड़ से पहले नक्सलियों के आईईडी ब्लास्ट में एक जवान जख्मी भी हुआ है|
जानकारी के अनुसार बीजापुर जिले के बासागुड़ा थाना क्षेत्र के पूवर्ती के जंगलों में फ़ोर्स सर्च ऑपरेशन के लिये निकली थी|
इसी दौरान जवानों को नुकसान पहुंचाने के मकसद से नक्सलियों से आईईडी ब्लास्ट कर दिया जिसकी चपेट में आने से डीआरजी के सहायक आरक्षक जोगेश्वर पैकरा घायल हो गया|
ब्लास्ट से जवान के दाएं पैर के घुटने के हिस्से में आई चोट आई है| जख्मी जवान का प्राथमिक उपचार बीजापुर ज़िला चिकित्सालय में किये जाने के बाद तत्तकाल एयर लिफ्ट कर जगदलपुर मेडिकल कॉलेज लाया गया है|
उधर नक्सली अलग-अलग इलाकों में दिन भर भर रुक रुककर जवानों पर गोलीबारी करते रहे|
पूवर्ती के जंगलों में ही नक्सलियों और फ़ोर्स के बीच हुई मुठभेड़ में जवानों ने एक नक्सली को मार गिराया|
घटनास्थल से शव के साथ 1 नग 12 बोर बंदूक,माओवादी वर्दी, IED, बैटरी,बिजली के तार के साथ बड़ी मात्रा में दैनिक उपयोग की सामग्री बरामद किया गया है|
बीजापुर पुलिस ने मुठभेड़ में 2 नक्सलियों के मारे जाने और 2 नक्सलियों के घायल होने का दावा किया है|
घटना की पुष्टि एसपी कमलोचन कश्यप ने की है|
वहीं दंतेवाड़ा जिले में जवानों ने नक्सलियों के कई ठिकानों में छापेमार कार्यवाही करते हुये बड़ी संख्या में सामग्री बरामद की है|
एसपी डॉ अभिषेक पल्लव ने बताया कि बोलागुंडा की पहाड़ियों में बड़े नक्सलियों की सूचना मिली थी जिसके बाद DRG एसटीएफ व पुलिस बल द्वारा टीम निकाली गई|
सुबह 5:30 बजे पुलिस की टुकड़ी ने नक्सलियों के ठिकाने पर हमला कर दिया| आधे घंटे तक चली मुठभेड़ के बाद नक्सली जंगल का फायदा उठा कर भागने में सफल हो गये|
मौके पर खून के धब्बे मिलने से यह माना जा रहा है कि मुठभेड़ की गोलीबारी में कई नक्सली हताहत हुये है|
मौके से नक्सली साहित्य, एके 47 राइफल की गोलियों के खोखे, टेंट व अन्य सामग्री बरामद की गई है|
पुलिस द्वारा लगातार इलाके की सर्चिंग की जा रही है|