दंतेवाड़ा: चार इनामी सहित 8 नक्सलियों ने किया आत्मसमर्पण
लोन वरातू अभियान के तहत एक महिला सहित आठ नक्सलियों ने आज आत्मसमर्पण किया है,इनमें से चार नक्सली इनामी है

धर्मेन्द्र महापात्र, दंतेवाड़ा| बस्तर संभाग के दंतेवाडा जिले में लोन वरातू अभियान के तहत एक महिला सहित आठ नक्सलियों ने आज आत्मसमर्पण किया है,इनमें से चार नक्सली इनामी है|
नक्सलवाद से तौबा कर इन आठों नक्सलियों ने मुख्यधारा में जुड़ने का फैसला लेते हुए जिले के वरिष्ठ अधिकारियों के समक्ष आत्मसमर्पण किया है|
दंतेवाड़ा के पुलिस अधिकारियों के अनुसार दंतेवाडा जिले में चलाए जा रहे नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत विभिन्न ग्रामों के रहने वाले ग्रामीण नक्सली संगठन में जुड़ गए थे जिनके घर वापसी के लिए वृहद अभियान चलाया जा रहा है|
इसी के तहत अब तक 67 इनामी सहित कुल 248 नक्सली आत्मसमर्पण कर चुके हैं|
आज समर्पण करने वाले नक्सलियों में भैरमगढ़ एरिया कमेटी का प्लाटून नंबर 13 का सदस्य सुरेश ओयामी, कटेकल्याण एरिया कमेटी में कार्यरत महिला एलओएस सदस्य जोगा मंडावी,भैरमगढ़ एरिया कमेटी मिरतुर सदस्य प्रदीप उर्फ पण्डरु,जियाकोडता पंचायत मिलिशिया प्लाटून डिप्टी कमांडर सुले कवासी,जपपुर पंचायत मिलिशिया सदस्य माटा कवासी,जियाकोडता पंचायत मिलिशिया सदस्य बामन पोडियामी, जियाकोडता सीएनएन सदस्य सन्नू कवासी और लच्छू टाटी शामिल है|
सभी नक्सली संगठन में रहकर जवानों पर हमला,आगजनी,तोड़फोड़ एवं बम लगाने जैसी वारदातों में शामिल रहे हैं|
आठों नक्सलियों ने सीआरपीएफ के पुलिस महानिरीक्षक विनय कुमार सिंह,एसपी दंतेवाड़ा डॉ.अभिषेक पल्लव,अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यू उदय किरण,राजेन्द्र जयसवाल,अरुण कुमार सज्जा के समक्ष आत्मसमर्पण किया|
समर्पित नक्सलियों को शासन के पुनर्वास नीति के तहत समाज की मुख्यधारा में शामिल होने पर 10-10 हजार की प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई|
.एसपी दंतेवाड़ा डॉ अभिषेक पल्लव ने बताया कि समर्पित नक्सलियों में से सुरेश आयामी,जोगा मंडावी,प्रदीप कोवासी और सुले कवासी पर छत्तीसगढ़ सरकार ने एक-एक लाख का इनाम घोषित कर रखा था|
समर्पित नक्सलियों ने वर्ष 2015 से 2019 के बीच घटी कई बड़ी घटनाओं में शामिल रहे हैं|
बस्तर में नक्सलियों पर पुलिस का लगातार दबाव बढ़ता जा रहा है उनके कई ठिकाने तबाह किये हैं|