मॉब लिन्चिंग से बाल – बाल बचा बिलासपुर का दुष्कर्म आरोपी

जनता की मांग,आरोपी को दी जाए फांसी

बिलासपुर|देशभर में महिलाओं के साथ हो रहे अपराध का ग्राफ बढ़ता ही जा रहा है। खासकर महिलाओं से छेड़छाड़, बलात्कार और हत्या की शिकायते सबसे ज़्यादा बढ़ी है। देश भर में जहां इसकी निंदा भी हो रही है, तो वही इन सभी आरोपियों को सींखचों के पीछे ले जाने में पुलिस कोई कोर कसर नहीं छोड़ रही है। इसके बावजूद आम लोगों के बीच पुलिस की छवि या कानून व्यवस्था पर सवालिया निशान उठता दिखाई दे रहा है। शुक्रवार को जहां देशभर में हैदराबाद के रेप आरोपियों के एनकाउंटर की सभी जगह चर्चा हो रही थी। हैदराबाद पुलिस के एनकाउंटर के बाद आम जनता आरोपियों को त्वरित सजा मिलने की बात कह रही थी तो वहीं कुछ राजनेता या समाज से जुड़े लोग इसे कतई सही नहीं मान रहे थे। आम लोग जहां पुलिस की वाहवाही में पुलिस पर पुष्प वर्षा किए तो वही सामाजिक संस्थाओं और नेताओं ने इसे कानून हाथ में लेना भी कहा।

पूरा देश हैदराबाद के एनकाउंटर की खबर कि पीछे खुद को झोंक दिया था तो वहीं छत्तीसगढ़ में संस्कारधानी शहर कहलाने वाले बिलासपुर में 9 साल की बच्ची से चाकू की नोक पर अनाचार किया गया था। जिसके आरोपी को पुलिस ने पकड़ लिया था और उसे कोर्ट पेश किया गया था। जैसे ही बिलासपुर में हुए दुष्कर्म के आरोपी को कोर्ट पहुंचने की जानकारी आम लोगों को मिली, तो सैकड़ों लोग कोर्ट पहुंच गए और अपनी नाराजगी जताते हुए कोर्ट परिसर में ही हंगामा मचाते रहे और तत्काल उसे फांसी देने की भी मांग उठने लगी। इसके बाद जब कोर्ट से आरोपी को जेल ले जाया जा रहा था तब आरोपी को देखकर आम जनता में नाराजगी फुट पड़ी। लोगों ने पुलिस वाहन और आरोपी को कब्जे में करने की पुरजोर कोशिश की, लेकिन पुलिस की तत्परता से आरोपी मॉब लिंचिंग की घटना से बच गया।

देश में एक तरफ आरोपियों के एनकाउंटर के बाद जहां इसी तरह के त्वरित न्याय की बात लोगों के जुबान पर थी तो वही बिलासपुर का आरोपी मॉब लिंचिंग से बाल-बाल बच गया। देशभर में दुष्कर्म के आरोपियों के खिलाफ जनता में काफी आक्रोश है, ऐसे में इस तरह के केस पर कानून व्यवस्था कड़ी करना सरकार के लिए काफी चुनौती बन चुकी है।

ये है पूरा मामला
बिलासपुर में सरकंडा की रहने वाली 9 साल की बच्ची से चाकू की नोक पर अनाचार करने वाले आरोपी दुष्कर्म करने के बाद कवर्धा फरार हो गया था। पुलिस ने खोजबीन के बाद कवर्धा के करीब एक गांव से आरोपी को पकड़ा। इसके बाद शुक्रवार की शाम बिलासपुर जिला कोर्ट में आरोपी को पेश किया गया। इसकी जानकारी पीड़ित बच्ची के परिजन और समाज के लोगों को जैसे ही मिली आनन-फानन में सैकड़ों की संख्या में आम लोग कोर्ट परिसर पहुंचकर आरोपी को फांसी देने की मांग करते हुए हंगामा मचाने लगे, जिससे कोर्ट परिसर में अफरा-तफरी मच गई। जैसे ही पुलिस आरोपी को लेकर कोर्ट से निकल रही थी उसी समय परिसर में हंगामा कर रहे सैकड़ों लोगों ने पुलिस वाहन को घेर लिया और आरोपी को कब्जे में लेने की कोशिश करने लगे। पुलिस वाले आरोपी को लेकर दौड़कर पुलिस वाहन में बिठाये और उसे जेल लेकर चले गए, जिससे आरोपी की जान बच गई।