लोकवाणी की नौवीं कड़ी में गोधन-किसान न्याय योजना पर रहा मुख्यमंत्री का फोकस
महापौर-शहर अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री की योजना को आर्थिक तरक्की का जरिया बताया

राजनांदगांव | मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा मासिक रेडियोवार्ता लोकवाणी में आज का विषय ” न्याय योजनाएं, नई दिशाएं ” थी। राजनांदगांव नगर निगम सभागृह में लोकवाणी का प्रसारण सुनने सभी एकत्रित हुए। सभागृह में महापौर हेमा देशमुख, शहर अध्यक्ष कुलबीर छाबड़ा, निगम अध्यक्ष हरिनारायण धकेता समेत कांग्रेसी पार्षदों एवं निगम के प्रशासनिक अधिकारियों ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा दिए गए वक्तव्य को सुना।
प्रदेश सरकार की महत्वपूर्ण योजना गोधन और किसान न्याय योजना को लेकर दिए गए जानकारी के बाद महापौर हेमा देशमुख और कांग्रेस शहर अध्यक्ष कुलबीर छाबड़ा ने सराहना करते कहा कि राज्य सरकार के इस महत्वकांक्षी योजनाओं से किसानों की जहां आर्थिक स्थिति मजबूत होगी। वहीं खेतों में पैदावार भी बढ़ेगी। रविवार को मुख्यमंत्री बघेल की लोकवाणी रेडियोवार्ता को सुनने एकत्रित हुए कांग्रेसियों ने सरकारी योजनाओं की तारीफ की।
इस संबंध में महापौर हेमा देशमुख ने कहा कि मुख्यमंत्री बघेल द्वारा जनता के हित में कराए जा रहे गोधन एवं किसान न्याय योजना के संबंध में विस्तृत जानकारी देते बताया कि दोनों योजनाओं से छत्तीसगढ़ की आर्थिक स्थिति सुदृढ़ होगी। उन्होंने कहा कि कोरोनाकाल में किस तरह आर्थिक संबलता हासिल की जा सकती है, यह भी मुख्यमंत्री ने बताया। उन्होंने कहा कि गाय को कामधेनु के रूप में पूजा जाता है। गोधन न्याय योजना पूरी तरह से गौमाता पर केन्द्रित है। जिससे गोबर और गाय की सुरक्षा भी सुनिश्चित होगी।
शहर जिला कांग्रेस के अध्यक्ष कुलबीर छाबड़ा ने कहा कि कोरोना काल में किसानों और ग्रामीणों के लिए मुख्यमंत्री द्वारा प्रारंभ किए गए योजनाएं बेहतरी के लिए काम करेगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री छत्तीसगढ़ के सांस्कृतिक और सामाजिक संरचना के आधार पर विकास कार्य को आगे बढ़ा रहे हैं।
निगम अध्यक्ष हरिनारायण धकेता ने कहा कि गोधन और किसान न्याय योजना किसानों को कोरोना संकट में निपटने में मददगार साबित होगी। वहीं जैविक खेती को बढ़ावा मिलेगा। जिससे प्रदेश में फसलों की पैदावार में बढ़ोत्तरी होगी। इससे पहले स्थानीय नगर निगम में मुख्यमंत्री के मासिक रेडियोवार्ता को सुनने के लिए पार्टी के सभी पदाधिकारी और सदस्यगण शामिल हुए। मुख्यमंत्री के द्वारा दिए गए जानकारी की सभी ने सराहना की।