सरगुजा: विवाहित प्रेमिका से मिलने गया वह उसकी आखरी रात बनी
लखनपुर पुलिस ने सुलझाई हत्या की गुत्थी, 5 गिरफ्तार

अंबिकापुर| प्रेमिका की शादी के बाद भी उससे सम्बन्ध की कीमत जान देकर चुकानी पड़ी| मायके में रह रही इस विवाहिता के साथ उसे उसके परिजनों ने देख लिया और फिर उसकी हत्या कर दी गई थी| पुलिस ने 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है| घटना सरगुजा संभाग के अंबिकापुर जिले के लखनपुर ब्लाक की है|
बता दें कि लखनपुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम जमदरा जंगल के किनारे कुछ दिनों पहले बोरे में अज्ञात शव मिला था जिसकी लखनपुर पुलिस छानबीन कर रही थी|
पुलिस के अनुसार मृतक के भाई अर्जुन राम ग्राम केसमा के शव की पहचान के बाद पुलिस द्वारा हत्या का मामला होना पाया गया| पड़ताल के दौरान संदेही आरोपी सहोरन पैकरा,बनेश्वर पैकरा ,श्रीराम पैकरा,आसाराम एवं एक 17 वर्ष के किशोर निवासी ग्राम मुटकी थाना उदयपुर से पूछताछ की गई|
पता चला कि अनीता पैकरा का विवाह ग्राम केसमा के अखिलेश्वर सिंह के साथ हुआ था। वह अपनी पत्नी पर सहदेव सारथी के साथ अवैध संबंध को लेकर लगातार विवाद करता रहता था| अखिलेश्वर ने अपनी पत्नी को उसके गृह ग्राम मुटकी वापस पहुंचा दिया था। इसके बाद सहदेव सारथी मुटकी ग्राम पहुंच अनीता पैकरा से लगातार मिलता-जुलता रहता था जिसके बाद अनीता पैकरा को बहुत बार परिवार जनों ने समझाया भी था।
गत 7 सितंबर की दरमियानी रात 8 बजे सभी आरोपी खाना खाकर सो गए थे। उसी समय आहट पाकर आरोपी सहोरन ने सहदेव को अनीता के साथ पाया| अनीता अपने पिता को देखकर वहां से भाग गई | सहोरन ने सहदेव के सर पर डंडे से जोरदार वार किया जिससे वह गिर पड़ा| इसके बाद आरोपी ने सहदेव की हत्या कर दी |
लाश को छुपाने की मंशा लेकर उसे बोरी में भर ग्राम केशमा ले जा रहे थे।इसी बीच कुन्नी जमदरा पक्की रोड के पास नीली बत्ती की गाड़ी आता देख शव को वहीं बोरी में बंधा छोड़कर भाग गए तथा मृतक के छाता व अन्य सामान को जंगल में फेंक दिया। उक्त आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड में जेल भेज दिया है।