राजनांदगांव में झमाझम बारिश के बाद तेज धूप
बे-मौसम बारिश से फिर पारा लुढ़का

प्रदीप मेश्राम, राजनांदगांव। शहर में रविवार को एक बार फिर मौसम का पलटवार नजर आया। दोपहर में जहाँ झमाझम बारिश हुई। एकाएक काले बादल छाते ही बरस पड़े। जनवरी का पहला पखवाड़ा भी बारिश की चपेटे में रहा। मौसम विभाग ने 21 और 22 जनवरी को बरसात होने की चेतावनी जारी की है। इससे पहले आज करीब 15 मिनट तक बादल जमकर बरसे। इसके फौरन बाद धूप निकल गई। उधर बरसात के कारण शहर के गलियों और आउटरों में कोहरा भी छाया रहा। बरसात के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की गई। बताया जा रहा है कि उत्तर प्रदेश के उपरी हिस्सों चक्रवात का सिस्टम बनने से बारिश होने की संभावना जाहिर की गई है। हालांकि पिछले दो दिनों से दिन और रात के तापमान में बढ़ोत्तरी भी हुई है। जनवरी के पहले सप्ताह में लगातार रूकरूक हुई बारिश ने मौसम को पूरी तरह से बदल दिया। लिहाजा मौसम खुलते ही ठंड ने लोगों को हिलाकर रख दिया। नांदगांव के कस्बाई इलाकों के अलावा पठारी इलाकों में तापमान 5 डिग्री तक पहुंच गया था। इस बीच आज हुई बारिश ने फिर से लोगों की दिनचर्या को प्रभावित किया। बताया जा रहा है कि मौसम साफ होते ही फिर से ठंड वापस लौट सकती है। सूर्य के उत्तरायण होते ही तापमान में बढ़ोत्तरी होने लगी है। गर्मी की शुरूआती दस्तक से पहले आज बादल फिर बरस पड़े। इसके चलते दोपहर के बाद लोगों को फिर से ठंडी का अहसास हुआ।