नक्सल मुठभेड़ : सब इंस्पेक्टर समेत दो शहीद, तीन की हालत गंभीर…
महाराष्ट्र के गढ़चिरौली में हुई है नक्सल मुठभेड़

राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ से सटे महाराष्ट्र के गढ़चिरौली में नक्सल मुठभेड़ हुई है। इस मुठभेड़ में 2 जवान शहीद हो गए है, साथ ही 3 अन्य जवानों के गंभीर रूप से घायल होने की खबर सामने आई है। मिली जानकारी के मुताबिक धुर नक्सल प्रभावित क्षेत्र माने जाने वाले गढ़चिरौली के भामरागढ पुलिस डिवीजन के पोयरकोटटी और कोपरशी के जंगल में नक्सलियों के साथ मुठभेड़ हुई। इस मुठभेड़ में एक सब इंस्पेक्टर और एक सिपाही शहीद हो गए है।
वही मुठभेड़ में 3 जवान बुरी तरह घायल हो गए हैं। घटना आज सुबह की बताई गई है। गश्त में निकली C-60 फ़ोर्स पर घात लगाए माओवादियों ने ताबड़तोड़ गोलियां बरसानी शुरू कर दी। अचानक हुए इस हमले का जवाब देने में जवानों को ज़रा समय लगा और उन्हें नुक्सान उठाना पड़ा।
दोनो तरफ से हो रही फायरिंग में सब इंस्पेक्टर धनंजय होमने और जवान किशोर आतराम शहीद हो गए। इधर इस मुठभेड़ में पोशी राज पुसली. पोशी गोगली ओकोशा और पोशी दसरु कुरशमी नामक तीन जवान गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे है।
छत्तीसगढ़ में अलर्ट
इस मुठभेड़ के बाद अब छत्तीसगढ़ में भी इस संबंध में अलर्ट ज़ारी किया गया है। गौरतलब है कि गढ़चिरौली का घटनास्थल छत्तीसगढ़ के बीजापुर और नारायणपुर दोनों जिलो की सीमा से सटा हुआ इलाका है। लिहाज़ा माओवादियों के छत्तीसगढ़ प्रवेश की आशंका भी जताई गई। जिसके लिए सीमा क्षेत्रों में तगड़ी सुरक्षा व्यवस्था बनाने के निर्देश दिए गए है।