एकतरफा प्रेम में पागल जीजा ने साली को जिन्दा जलाया

राजनांदगांव| दुर्ग संभाग के राजनांदगांव जिले में एकतरफा प्रेम में जीजा ने साली को जिन्दा जला दिया| सोमवार को इस युवती की डोली उठनी थी|  आरोपी को गांव वालों ने पकडक़र पुलिस के हवाले किया|

पुलिस के अनुसार कोपेडीह के रवि सेन की बेटी मनीषा और छोटी बेटी मोनिका के विवाह की तैयारी में परिवार के लोग व्यस्त थे। सोमवार को मनीषा की बारात सडक़ चिरचारी गांव से आने वाली थी। शनिवार को मनीषा और मोनिका की हल्दी रस्म होना था।

सुबह 5 बजे के आसपास मोनिका के बड़ी बहन के पति हेमलाल सेन ने अचानक उस पर मिट्टी तेल उड़ेल दिया। इससे पहले घर के लोग कुछ समझ पाते तब तक काफी देर हो चुकी थी। बताया जाता है कि आग में झुलसी युवती ने तड़प-तड़प कर दम तोड़ दिया।

बताया जाता है कि एकबारगी परिवार के लोगों ने साली-जीजा के रिश्ते के चलते पूरे मामले को मजाक समझा। मिट्टी तेल डालने के बाद आग लगने से घर में अफरा-तफरी मच गई।

गांव में कुछ लोगों व रिश्तेदारों ने बताया कि आरोपी  एकतरफा प्रेम  करता था और उसे शारीरिक संबंध बनाने के लिए दबाव बना रहा था, लेकिन युवती द्वारा मना करने और घर वालों को इसकी जानकारी देने की बात कहने पर आरोपी ने उसकी हत्या की साजिश रच डाली।

वहीँ  सीएसपी लोकेश देवांगन ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जा रहा है। इस बीच पुलिस जांच में पूरा मामला एकतरफा प्रेम से जुड़ा हुआ है। बताया जाता है कि आरोपी अपनी साली को मन ही मन चाहता था। साली के विवाह से नाखुश था। आरोपी ने इसलिए गुस्से में आकर उसकी जान ले ली।

बता दें महासमुंद जिले में भी एकतरफा प्रेम में युवक ने युवती की  सरेआम हत्या कर दी थी| युवती से वह बात करना चाहता था, जिसे उसने मना कर दिया  था|