महासमुंद: सरायपाली के इस गाँव में मृतकों के नाम से भी राशन वितरण
मामला महासमुंद जिले के सरायपाली विकासखण्ड के ग्राम कनकेवा का

रजिंदर खनूजा, महासमुन्द| राज्य शासन के राशन वितरण में मृतकों के नाम से भी राशन निकाले जा रहे हैं| ताजा मामला महासमुंद जिले के ओडिशा सीमा से लगे सरायपाली विकासखण्ड के ग्राम कनकेवा का है| कनकेवा के सेल्समैन द्वारा मृतकों के नाम से प्रति माह राशन निकालकर उसका गबन करने की जानकारी सामने आई है।
शिकायत के अनुसार सरायपाली विकासखण्ड के ग्राम कनकेवा में कई मृत व्यक्तियों के नाम से राशन आहरण हो रहा है। इसकी जानकारी मृतकों के परिवारजनों को भी नहीं है।
सबसे आश्चर्य की बात तो यह है कि सरपंच प्रतिनिधि की माता के नाम से भी प्रति माह सेल्समैन के द्वारा राशन आहरण किया जा रहा है।
ज्ञात हो कि शासन द्वारा कोरोना काल में विगत जुलाई माह से नवंबर माह तक अंत्योदय कार्डधारियों को प्रति सदस्य 5 किलो अतिरिक्त राशन नि:शुल्क दिया जा रहा था। वहीं कार्डधारियों को तीन से अधिक सदस्य होने पर प्रति सदस्य 3 किलो राशन अतिरिक्त दिया जा रहा है।
ब्लॉक के कई शासकीय उचित मूल्य की दुकानों में मृतकों के नाम से भी अतिरिक्त राशन जारी हो रहा है|
इसके अलावा एकल कार्डधारी मृत व्यक्तियों का राशन भी विगत साल भर से हितग्राही के परिवार वालों की बिना जानकारी के आहरण हो रहा है।
इस तरह का मामला ग्राम कनकेवा में देखा गया, जहाँ सरपंच प्रतिनिधि हेतराम पटेल की माता सुकमोती सारथी पटेल की मृत्यु 12 नवंबर 2019 को हो गई है, लेकिन उनके नीला राशन कार्ड नंबर 223859307824 से विगत 24 अक्टूबर 2020 को उनके नाम से 5 किलो चावल, 1 किलो शक्कर व 1 किलो नमक दोपहर 2.56 बजे निकाला गया है|
जब सरपंच प्रतिनिधि से राशन निकलने के बारे में जानकारी ली गई तो बताया कि उनकी माता के नाम से राशन नहीं मिलता है और आप लोगों के माध्यम से ही जानकारी मिली कि उनके नाम से अभी भी राशन जारी हो रहा है|
इसी तरह मालती पिता रामधन की मृत्यु 18 फरवरी 2020 को हो गई है| इनके अंत्योदय कार्ड क्र. 223857003497 में विगत 15 अक्टूबर को 4.10 बजे 40 किलो चावल, 1 किलो शक्कर, 1 लीटर मिट्टी तेल व 1 किलो नमक जारी हुआ है| इसकी जानकारी उनके भी परिवारजनों को नहीं है|
उनके पिता रामधन ने बताया कि उनकी पुत्री के मृत्यु के बाद वे राशन लेने गए थे, लेकिन उन्हें राशन नहीं दिया गया| उनका राशन कार्ड घर में ही है और उनके नाम से राशन जारी होने की बात सुनकर वे भी अचंभित हो गए|
इसके अलावा ग्राम पंचायत कनकेवा के आश्रित ग्राम कौहाकुण्डा की डिग्रीबाई के पति उसत की मौत हो गई है, लेकिन उसके नाम से भी राशन जारी हो रहा है|
एक हितग्राही गनेशी पति ननकी लिमऊगुड़ा में रहती है, लेकिन प्रतिमाह कनकेवा में राशन जारी होता है|
इस तरह कुछ ग्रामीणों ने भी और कई मृतकों के नाम से राशन जारी होने की बात कही है|
हाल ही में इसी तरह का मामला ग्राम मोखापुटका में भी देखा गया था, जिसकी खाद्य विभाग की टीम द्वारा जाँच करने पर मृत व्यक्तियों के नाम से राशन आहरण होने की बात सही पायी गई| उक्त मामले में रिकव्हरी की कार्यवाही भी शुरू हो गई है|
मुझे जानकारी नहीं -सेल्समेन
इस संबंध में सेल्समैन कन्हैया पटेल ने बताया कि मृत व्यक्तियों की जानकारी उन्हें नहीं है।राशन कार्ड में नाम जोड़ने व काटने का कार्य सचिव का रहता है|उनके द्वारा नाम नहीं काटा गया है, इसलिए उनके नाम पर अभी भी राशन जारी हो रहा है।
कार्यवाही की जायेगी- खाद्य निरीक्षक
वहीं खाद्य निरीक्षक गौरव जात्रे ने बताया कि अगर मृत व्यक्तियों के नाम से राशन जारी हो रहा होगा, तो जाँच उपरांत रिकव्हरी की कार्यवाही की जायेगी| हाल ही में मोखापुटका में रिकव्हरी की कार्यवाही की गई है।