बीजापुर में इनामी नक्सली जनताना सरकार अध्यक्ष गिरफ्तार
इस नक्सली पर हत्या, आगजनी, बलवा और फायरिंग के कई मामले दर्ज हैं

बीजापुर| बस्तर संभाग के बीजापुर जिले में जनताना सरकार अध्यक्ष इनामी नक्सली को पुलिस ने घेराबंदी कर गिरफ्तार किया है| इस नक्सली पर हत्या, आगजनी, बलवा और फायरिंग के कई मामले दर्ज हैं। पुलिस लंबे समय से उसकी तलाश कर रही थी।
बीजापुर जिले के तोयनार थाना पुलिस ने मंगलवार को दंतेवाड़ा जिला पुलिस के साथ एक संयुक्त कार्रवाई के दौरान उसे अपनी गिरफ्त में लिया|
पुलिस के मुताबिक, मिली सूचना के आधार पर तोयनार थाना पुलिस ने दंतेवाड़ा पुलिस के साथ गुज्जाकांटा, फरसेगढ़ निवासी कोसा सोढ़ी उर्फ सुदरू को घेराबंदी कर सुरनार के पास से गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार उसका स्थायी निवास कुआकोंडा के डडापारा, सुरनार का रहने वाला है। उसे नक्सली संगठन में जनताना सरकार अध्यक्ष भी बताया जा रहा है।
वह सन 2003 से नक्सली संगठन में सक्रिय था। पुलिस ने उस पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था|
वह कई नक्सल वारदातों और हत्या अपराधों में शामिल रहा है| 10 बरस पहले उसने सलवा जुड़ूम कार्यकर्ता विजय और लक्ष्मण की हत्या कर दी थी।
वर्ष 2018 में कचलारम और पैंकरम के बीच वाहनों को रोककर आगजनी की और सहायक आरक्षक सीताराम बाकड़े की हत्या में शामिल रहा था। वह कचलारम के जंगलों मे पुलिस टीम पर फायरिंग में भी शामिल था।
वर्ष 2019 में तोयनार के एक ग्रामीण को अगवा कर उसकी हत्या भी कर दी थी|
बता दें बस्तर में नक्सलियों के खिलाफ पुलिस का अभियान जारी है| बीजापुर पुलिस ने हाल ही में मुठभेड़ में नक्सलियों को मार गिराया साथ ही कई नक्सल ठिकानो पर धावा बोलकर उसे ध्वस्त किया|
संयुक्त सुरक्षा बल हिरमागोंडा की ओर एंटी नक्सल अभियान पर निकले थे। सर्चिंग से लौटने के दौरान मंगलवार सुबह जंगल में घात लगाए नक्सलियों ने हमला कर दिया। जवाबी फायरिंग में जवानों को भारी पड़ता देख नक्सली जान बचाकर भाग निकले।