नारायणपुर में IED विस्फोट से आइटीबीपी का एक जवान गंभीर
आइटीबीपी 53वीं बटालियन के डीकोय कंपनी के जवान सड़क सुरक्षा में लगे हुए थे

नारायणपुर| बस्तर संभाग के नारायणपुर जिले के कुरुषनार थाना इलाके में सुरक्षा बालों को निशाना बनाकर प्लांट IED विस्फोट से आइटीबीपी का एक जवान गंभीर रूप से घायल हो गया| उसे बेहतर इलाज के लिए रायपुर भेजा गया है|
मिली जानकारी के अनुसार घटना नारायणपुर जिला मुख्यालय से 7 किमी दूर आज शनिवार शाम को हुई| आइटीबीपी 53वीं बटालियन के डीकोय कंपनी के जवान सड़क सुरक्षा में लगे हुए थे। इसी दौरान कोसा सेंटर की पहाड़ी पर यह विस्फोट हुआ|
इसकी चपेट में आकर एक जवान गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तुरंत जिला अस्पताल लाया गया, जहाँ से रायपुर भेज दिया गया है|
बता दें कि बीते कुछ दिनों से बस्तर में नक्सल हलचल तेज हो गई है| हाल ही में बस्तर संभाग के बीजापुर जिले में नक्सलियों ने बासागुड़ा इलाके में एक सूमो वाहन को निशाना बनाते हुए विस्फोट कर दिया| विस्फोट के बाद सूमो वाहन पलट गई इसमें सवार 2 ग्रामीण बुरी तरह से घायल हुए|
इसके पहले सुकमा जिले के ताड़मेटला इलाके के बुर्कापाल से 6 किलोमीटर दूर ऑपरेशन से लौट रहे कोबरा 206 बटालियन के जवानों पर नक्सलियों ने IED से हमला कर दिया| जिसमे एक असिस्टेंट कमांडेंट नितिन भालेराव शहीद हो गये| जबकि 9 जवान जख्मी हुए थे|
इसी तरह बस्तर संभाग के बीजापुर जिले में नक्सलियों ने मुखबिरी के शक में 2 ग्रामीणों की हत्या के बाद लाश को सडक पर फेंक दिया |
दंतेवाडा जिले में एक सरपंच पति की हत्या कर दी थी| मृतक का नाम संतोष कश्यप दंतेवाडा के हन्देवाडा का निवासी था|