राजनांदगांवः राहुल के जन्मदिन पर बेसहारा बुजुर्गों के बीच पहुंचे कांग्रेसी
बुजुर्गों की खैरियत पूछकर पहनाया माला, खिलाई मिठाई

प्रदीप मेश्राम, राजनांदगांव। कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी के जन्मदिन पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सेवादार बनकर उम्रदराज बुजुर्गों के बीच वृद्धाश्रम में पहुंचकर लंबा समय गुजारा। बुजुर्गों की सुध लेते हुए कांग्रेसियों ने राहुल गांधी के जन्मदिन को यादगार बनाते हुए उनकी खैरियत पूछते हुए माला पहनाया। इसके अलावा जन्मदिन के खास मौके पर सभी का मुंह मीठा कराया।
महापौर हेमा देशमुख और शहर कांग्रेस अध्यक्ष कुलबीर छाबड़ा ने संयुक्त रूप से वृद्धाश्रम में पहुंचकर बुजुर्गों से राहुल गांधी की लंबी आयु की कामना को लेकर आशीर्वाद मांगा। बुजुर्गों ने भी गांधी को दीर्घायु होने का आशीर्वाद दिया। बेसहारा बुजुर्गों से कांग्रेसियों ने उनकी मौजूदा स्थिति की जानकारी ली। इसके बाद उन्हें फल और मिठाईयां भेंट की।
पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष गांधी ने देशभर के कांग्रेसी कार्यकर्ताओं से सेवाभावना के आधार पर असहाय और निर्धन लोगों की मदद करने की अपील की है। इसी के मद्देनजर प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम के आह्वान पर राजनांदगांव के कांग्रेसी नेताओं ने भी सादगीपूर्वक राहुल गांधी के जन्मदिन को मनाया। इस बीच आज शहर में अलग अलग जगहों पर ढ़ेरो कार्यक्रम हुए। जिसमें स्वास्थ्य कर्मियों तथा कोरोना वारियर्स के रूप में कार्य कर रहे कर्मियों का भी सम्मान होगा।
अधिक पढ़ें
इधर गरीब और निर्धन लोगों के बीच सेवा भावना लेकर कांग्रेसियों ने सूखा राशन, सेनेटाईजर, मास्क, फल और अन्य जरूरी वस्तुओं का वितरण किया। वहीं रक्तदान शिविर भी लगाए गए। इस संबंध में शहर अध्यक्ष कुलबीर छाबड़ा और हेमा देशमुख ने बताया कि शांतिपूर्वक श्री गांधी का जन्मदिन मनाते हुए जरूरतमंदों की तकलीफ को दूर करने का प्रयास किया गया है।
शहर में आज पूरे दिन कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अलग-अलग जगहों पर पहुंचकर गांधी के जन्मदिन को सादगीपूर्वक मनाया। इस संबंध में शहर अध्यक्ष कुलबीर छाबड़ा ने कहा कि आज राहुल गांधी के जन्मदिन पर प्रदेश पार्टी की ओर से सेवाभावी के रूप में उनका जन्मदिन को मनाए।
राहुल गांधी ने कहा कि जन्मदिन के रूप में लोगों की सेवा कीजिए। उन्हीं की प्रेरणा से आज वृद्धाश्रम में फलों का वितरण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारियों का सम्मान किया जाएगा। इसके अलावा रक्तदान शिविर लगाया जाएगा। वहीं स्वास्थ्य कर्मियों, पुलिस कर्मियों का भी सम्मान होगा। साथ ही वार्डों में सेनेटाईजर और मास्क तथा सूखा राशन वितरण का आयोजन किया जाएगा।
———————