कोरिया पंचायत चुनाव: प्रचार में कांग्रेस ने झोंके अपने मंत्री भी
अब तक के नतीजों से कांग्रेस के चेहरे मुरझाए हुए

चंद्रकांत पारगीर, कोरिया। सरगुजा के कोरिया जिले में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को लेकर कांग्रेस पर दबाव बढ़ता जा रहा है। अब बची 4 सीट पर जीत के लिए कांग्रेस ने अब अपने मंत्रियों को मैदान में उतार दिया है। इधर लगातार गिरता जनाधार से कांग्रेस के नेताओं के चेहरे मुरझाये हुए हैं।
3 फरवरी को तृतीय चरण का चुनाव होना है, इसमे 2 मनेन्द्रगढ़ और 2 खड़गवां तहसील की जिला पंचायत सदस्य की सीटों पर मतदान होगा और 3 बजे के बाद परिणाम आना शुरू हो जाएगा। अब तक हुए 6 सीटों पर कांग्रेस को सत्ता में रहते अच्छी सफलता हाथ नही आ पाई है। कल होने वाले मतदान में कांग्रेस भाजपा के साथ गोंगपा और निर्दलीय में कड़ा मुकाबला देखा जा रहा है।
हर सीट पर कांग्रेस की सांस जरूर अटकी हुई है। यही कारण है कि कल बचरा पोड़ी में केबिनेट मंत्री जय सिंह अग्रवाल पहुंचे, 2 घंटे देरी से पहुंचने के कारण उनकी सभाओ में ज्यादा भीड़ नज़र नहीं आई। वहीं 2 फरवरी को बैकुंठपुर विधायक अम्बिका सिंहदेव ने भी कांग्रेस के लिए प्रचार किया, जबकि यहां भाजपा, गोंगपा और निर्दलीयों के बीच बहुत कड़ी टक्कर देखी जा रही है। कोई एक क्षेत्र में ठीक है तो दूसरे क्षेत्र में पीछे रहने की चर्चा आम है।
बड़ा घमासान मनेन्द्रगढ़ प्रथम में
जिले में कुडेली सीट में बाद यदि कहीं सबसे ज्यादा कांग्रेस जोर लगा रही है तो वो मनेन्द्रगढ़ सीट है। यहां राज्य मंत्री की बहन उषा सिंह करियाम मैदान में हैं।
उन्हें भाजपा की उर्मिला नेताम और गोंगपा की हेमवती सिंह आयाम से कड़ी टक्कर मिल रही है। हेमवती सिंह पिछले चुनाव में काफी कम वोटों से पराजित हो चुकी है। वहीं गोंगपा के कैडर वोट इस बार फिर एकजुट होते दिख रहे हैं। वही भाजपा की बागी प्रभा गोड़ भी मान गयी हैं और वो भी उर्मिला नेताम के पक्ष में वोट मांगने निकल गयी हैं।
मनेन्द्रगढ़ द्वितीय में निर्दलीय दे रहे टक्कर
इस सीट पर कांग्रेस के एकदम नए चेहरे वीरभान सिंह को मैदान में उतारा है। उन्हें कांग्रेस के ही शरण सिंह से जबरजस्त टक्कर मिल रही है। यहां कांग्रेस का मुकाबला कांग्रेस से ही जारी है।
खड़गवां 1 पर घमासान
जिला पंचायत सदस्य की खड़गवां प्रथम पर कांग्रेस से सुशीला, भाजपा से रेणुका जोगी कांग्रेस से सुनीता और गोंगपा से शांति सिंह मैंदान में है, यहां भाजपा की रेणुका सिंह का सीधा मुकाबला सभी से हो रहा है।
पूरा दबाव एक क्षेत्र पर
मनेन्द्रगढ़ प्रथम सीट पर कार्यकर्ताओं पर भी दबाव देखा जा रहा है। क्षेत्र में भरतपुर से लेकर बैकुंठपुर और सोनहत तक के कांग्रेस के कार्यकर्ताओं की फौज प्रचार में उतर गए है। देर रात तक लोग अलाव जला कर आने जाने वालों से चुनावी चर्चा में हिस्सा ले रहे है। चूंकि कांग्रेस को लगातार शिकस्त मिल रही है, बची 4 सीटों पर बेहद दबाव देखा जा रहा है।